अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर में राष्ट्रीय खेल दिवस की पूर्व संध्या पर 'खेलो इंडिया संवाद - खेल की बात प्रधानमंत्री के साथ' का आयोजन
"खेलेगा इंडिया, खिलेगा इंडिया": प्रधानमंत्री ने युवाओं से खेल और फिटनेस को अपनाने का किया आह्वान
आगामी 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा आयोजित “खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात पीएम के साथ” कार्यक्रम आज एम्स रायपुर के सभागार में उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, खेल एवं फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाना तथा देश में सशक्त एवं समावेशी स्पोर्ट्स इकोसिस्टम को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम का संदेश “खेलेगा इंडिया, खिलेगा इंडिया” रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के वर्चुअल संबोधन से हुई। प्रधानमंत्री जी ने युवाओं को खेलों एवं फिटनेस से जुड़ने, अनुशासन और खेल भावना को जीवन में अपनाने तथा स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने हॉकी के महान खिलाड़ी एवं ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद के जीवन, उनके खेल के प्रति समर्पण और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। प्रधानमंत्री जी के संबोधन ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
राष्ट्रीय सत्र में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने स्वागत संबोधन दिया। उन्होंने देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर, छत्तीसगढ़ के युवाओं की खेल प्रतिभा और ऊर्जा का उल्लेख किया। इस कार्यक्रम में रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ भारत में खेलों की वर्तमान स्थिति, खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध अवसर तथा देश में खेलों के भविष्य पर संवाद किया और युवाओं से खेलों को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में एम्स रायपुर के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध वॉलीबॉल खिलाड़ी श्री अब्दुल्ला, सोशल एंटरप्रेन्योर श्री प्रियंक पटेल, यूथ आइकॉन श्री आदर्श मिश्रा तथा छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और खेलों में सफलता के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन एवं समर्पण के महत्व पर प्रकाश डाला।
एम्स रायपुर के एमबीबीएस एवं बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करते हुए श्री बृजमोहन अग्रवाल के साथ देश में खेलों के वर्तमान परिदृश्य और भविष्य पर परिचर्चा की तथा अपने विचार एवं सुझाव साझा किए। देश के विभिन्न शेक्षणिक संस्थानों में आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित प्रशिक्षकों, अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ियों एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की सहभागिता ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल एवं एम्स रायपुर के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) द्वारा उपस्थित विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। युवाओं से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, फिट और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया।

