▶️राधामाधव मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई गोवर्धन पूजा
▶️गौमाता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने मांगी सुख-समृद्धि,अन्नकूट महाप्रसाद का हुआ आयोजन
सारंगढ़। श्री श्री राधामाधव मंदिर-विश्वासपुर में मंगलवार को गोवर्धन पूजा का पर्व पारंपरिक श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। गुरु श्री नरसिंह दाश जी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्रीकृष्ण एवं गोवर्धन महाराज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर गौमाता की सेवा एवं पूजा कर परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की मंगलकामना की गई। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
गौसेवा और प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है गोवर्धन पूजा पर्व
गोवर्धन पूजा को अन्नकूट उत्सव के नाम से भी जाना जाता है। भारतीय संस्कृति में इस पर्व का विशेष धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है। यह पर्व प्रकृति, पर्यावरण, कृषि और मानव जीवन के बीच अटूट संबंध को दर्शाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गौमाता में देवी-देवताओं का वास माना गया है। गाय अपने दूध से मानव जीवन को पोषण प्रदान करती है, वहीं बैल कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण आधार हैं। यही कारण है कि गोवर्धन पूजा के अवसर पर गौवंश की पूजा, सेवा और संरक्षण का विशेष महत्व बताया गया है।
भगवान श्रीकृष्ण ने कनिष्ठ अंगुली पर धारण किया था गोवर्धन पर्वत
धार्मिक मान्यता के अनुसार, सातवें दिन भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को नीचे रखा और ब्रजवासियों को प्रतिवर्ष गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव मनाने का संदेश दिया। तभी से यह परंपरा श्रद्धा और भक्ति के साथ निरंतर चली आ रही है। इस दिन श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण को विविध प्रकार के पकवान एवं अन्नकूट का भोग अर्पित करते हैं तथा परिवार की सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना करते हैं।
*श्रद्धालुओं की रही बड़ी सहभागिता
मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए अन्नकूट महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में पंडित पूर्णचंद पाणिग्राही (शुरू बाबू), समिति अध्यक्ष कुशल प्रसाद पटेल उर्फ रघुनाथ, विक्रम सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु माताओं-बहनों एवं हरिनाम संकीर्तन प्रेमियों की उपस्थिति रही। सभी ने भक्ति भाव से भगवान श्री राधामाधव के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

