खरसिया विद्युत उप संभाग में बकायादारों के खिलाफ सघन विद्युत विच्छेदन अभियान चलाकर की कार्यवाही !

Ramesh agrawal
0
खरसिया में बकायादारों के खिलाफ सघन विद्युत विच्छेदन अभियान
123 उपभोक्ताओं के काटे कनेक्शन, 9.51 लाख रुपये की बकाया राशि वसूल; अवैध विद्युत उपयोग के 7 प्रकरण दर्ज
खरसिया! आज 8 अक्टूबर 2026 गुरुवार को खरसिया उपसंभाग में बकायादार विद्युत उपभोक्ताओं के विरुद्ध सघन विद्युत विच्छेदन एवं राजस्व वसूली अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्युत विभाग की टीमों ने खरसिया शहर एवं खरसिया ग्रामीण वितरण केंद्र क्षेत्र में प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में बकाया राजस्व की वसूली की।
अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कुल 10 टीमों का गठन किया गया। टीमों द्वारा बकायादार उपभोक्ताओं के कनेक्शनों की जांच एवं कार्रवाई करते हुए कुल 123 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किए गए, जिन पर लगभग 32.43 लाख रुपये की बकाया राशि लंबित थी।
कार्रवाई के दौरान विभागीय टीमों ने उपभोक्ताओं से संपर्क कर बकाया राशि जमा कराने के लिए प्रेरित भी किया। परिणामस्वरूप 53 उपभोक्ताओं से कुल 9.51 लाख रुपये की बकाया राशि मौके पर ही वसूल की गई।
अभियान के दौरान विद्युत विभाग की टीमों ने ऐसे उपभोक्ताओं की भी जांच की, जिनके विद्युत कनेक्शन पूर्व में बकाया राशि के कारण विच्छेदित किए जा चुके थे। जांच के दौरान 7 ऐसे बकायादार उपभोक्ता पाए गए, जो विद्युत लाइन विच्छेदित होने के बावजूद अवैधानिक रूप से विद्युत का उपयोग कर रहे थे। इन मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए विद्युत अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए, जिनकी कुल राशि लगभग 3.02 लाख रुपये है।
विद्युत विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि बकाया विद्युत बिलों की समय पर अदायगी उपभोक्ताओं की जिम्मेदारी है। विभाग द्वारा राजस्व वसूली एवं विद्युत चोरी/अवैध विद्युत उपयोग के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रखी जाएगी।
खरसिया शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में चलाए गए इस सघन अभियान से बकायादार उपभोक्ताओं में हड़कंप की स्थिति रही। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने लंबित विद्युत बिलों का समय पर भुगतान करें और विद्युत विच्छेदन अथवा नियमानुसार कार्रवाई से बचें।साथ ही विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वर्तमान में संचालित मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का अधिक से अधिक लाभ लेते हुए विद्युत बिल का भुगतान आसान किस्तों में अथवा एकमुश्त करने का आग्रह किया है

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top