अघरिया भवन बरमकेला में श्रद्धा, उल्लास व धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जी का जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर्व
बरमकेला-
अखिल भारतीय अघरिया समाज क्षेत्र बरमकेला के तत्वावधान में अघरिया समाज के आराध्य देव भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पावन पर्व जन्माष्टमी अघरिया भवन बरमकेला में श्रद्धा,भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया।
इस अवसर पर अघरिया समाज के पदाधिकारी और सैंकड़ों की संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना,दीप प्रज्ज्वलन,श्री कृष्ण जन्म,भजन के साथ हुई।
कर्मकांडी पंडित श्री योगेश सतपथी जी के मुखारविंद से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की पूजा कर सुख-समृद्धि एवं समाज की खुशहाली की कामना की। भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों से अघरिया भवन का वातावरण भक्तिमय हो गया।
जन्माष्टमी के अवसर पर बाल गोपाल की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों ने श्रीकृष्ण एवं राधा का मनमोहक रूप धारण कर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय जय श्रीकृष्ण के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आरती कर प्रसाद वितरण किया।
इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में समाजजनों की उपस्थिति रही। आयोजन ने सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति से जोड़ने का संदेश दिया।
इस भव्य आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए अखिल भारतीय अघरिया समाज क्षेत्र बरमकेला के अध्यक्ष चन्द्रशेखर पटेल ने उपस्थित सभी माताओं-बहनों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जन्माष्टमी जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में सभी की सहभागिता से समाज में एकता,भाईचारा और संस्कारों की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में दानदाताओं,प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया है।

