भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर रतन शर्मा ने किया नमन, अटलजी के आदर्शों को आत्मसात करने पर दिया जोर !

Ramesh agrawal
0

बरमकेला। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस अवसर पर कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के जिलाध्यक्ष रतन शर्मा ने अटल परिसर पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया।

रतन शर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने विचारों, सिद्धांतों और सहज व्यक्तित्व के माध्यम से देश की राजनीति को नई दिशा प्रदान की। वे एक कुशल राजनेता होने के साथ-साथ ओजस्वी वक्ता, संवेदनशील कवि और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले जननेता थे। उनका संपूर्ण राजनीतिक जीवन लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रसेवा और सुशासन के प्रति समर्पित रहा।

उन्होंने कहा कि अटल जी की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि उन्होंने राजनीति में रहते हुए भी अपने सिद्धांतों और विचारों से कभी समझौता नहीं किया। विपक्ष के नेताओं के साथ भी उनके संबंध सदैव सौहार्दपूर्ण रहे। उनकी वाकपटुता, दूरदर्शिता, निर्णय क्षमता और सभी को साथ लेकर चलने की कार्यशैली आज के राजनीतिक परिदृश्य में भी प्रेरणादायी है।

कैट जिलाध्यक्ष ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी वर्तमान और आने वाली पीढ़ी के राजनेताओं के लिए पथप्रदर्शक और प्रेरणास्रोत हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्रहित, जनसेवा, ईमानदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों को राजनीति का आधार बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि अटल जी ने अपने कार्यकाल में देश के विकास, आधारभूत संरचना, राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक प्रगति को लेकर महत्वपूर्ण पहल कीं। उनके नेतृत्व में भारत ने विश्व मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उनका व्यक्तित्व भारतीय राजनीति में सदैव सम्मान और प्रेरणा का केंद्र बना रहेगा।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने कहा कि अटल जी के विचार और राष्ट्रसेवा की भावना सदैव समाज और देश को प्रेरित करती रहेगी।

अटल जी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है, जिसे सदैव याद किया जाता रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top