छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कामर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने खरसिया-वासियों की सुविधा को लेकर चैंबर को सौंपा मांग पत्र
रेलवे में लिफ्ट, एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव, स्मार्ट मीटर और जाम से निजात दिलाने की मांग
खरसिया। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने प्रदेश अध्यक्ष सतीश थोरानी को पत्र लिखकर खरसिया व्यापारियों की 5 प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग की है।
ज्ञापन में खरसिया रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट लगाने, आजाद हिंद व साउथ एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का ठहराव, स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक, शहर में जाम से निजात के लिए यातायात व्यवस्था सुधारने तथा आरटीओ द्वारा मालवाहक वाहनों से अनावश्यक एंट्री फीस वसूली बंद करने की मांग की गई है।
अग्रवाल ने कहा कि खरसिया व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर है, अतः समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।
* ये हैं पत्र में उठाई गईं प्रमुख मांगें:
---------------------------------------
1. रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट की व्यवस्था-
खरसिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों, बुजुर्गों और व्यापारियों की सुविधा के लिए लिफ्ट की व्यवस्था नहीं है। इसे तत्काल लगवाया जाए।
--------------------
2. एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव-
खरसिया एक महत्वपूर्ण व्यापारिक नगर है और इसके आसपास कई पावर प्लांट स्थित हैं। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में उद्योग जगत के लोग आते-जाते हैं। बावजूद इसके आजाद हिंद, साउथ एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव खरसिया में नहीं है। इन ट्रेनों का ठहराव किया जाए।
---------------------------
3. स्मार्ट मीटर पर रोक-
विद्युत विभाग द्वारा व्यापारियों के अलावा आम नागरिकों पर स्मार्ट मीटर लगाने हेतु जबरदस्ती दबाव बनाया जा रहा है। इस पर रोक लगाई जाए।
-----------------------------
4. यातायात व्यवस्था में सुधार-
नगर की यातायात व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण आए दिन महत्वपूर्ण सड़कों पर जाम की स्थिति बनती है। इसके लिए यातायात पुलिस की समुचित व्यवस्था की जाए।
---------------------------------
5. आरटीओ द्वारा अनावश्यक फीस की वसूली-
खरसिया से रायपुर परिवहन का कार्य करने वाले व्यापारियों के मालवाहक वाहनों से आरटीओ द्वारा अनावश्यक रूप से एंट्री फीस की मांग की जा रही है। इसे बंद किया जाए।
-----------------------------
अशोक अग्रवाल ने पत्र में लिखा है कि खरसिया व्यापारिक दृष्टिकोण से बहुत महत्वपूर्ण नगर है। अतः उपरोक्त समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से संपर्क कर शीघ्र कार्यवाही कराई जाए।

