सारंगढ़। जनपद पंचायत सारंगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत हिर्री की सरपंच श्रीमती लक्ष्मी चिमन लाल जोल्हे ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को लेकर कुछ लोगों द्वारा लगातार झूठी एवं निराधार शिकायतें कर ग्राम पंचायत की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस प्रकार की शिकायतों से पंचायत के विकास कार्य अनावश्यक रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
सरपंच ने बताया कि वर्तमान में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवेदन एवं दावा-आपत्ति की प्रक्रिया शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित की जा रही है। जिन हितग्राहियों का नाम सूची से हट गया है अथवा जिन्हें अपात्र घोषित किया गया है, उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने का पूरा अवसर दिया गया है। सभी मामलों का निराकरण नियमानुसार किया जाएगा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत के सार्वजनिक व्हाट्सएप समूह में कुछ व्यक्तियों द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। साथ ही उन्हें, पंचायत सचिव एवं अन्य पंचायत प्रतिनिधियों को कथित रूप से जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं। यद्यपि इस संबंध में अभी तक पुलिस थाना में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन इन घटनाओं से पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
सरपंच का कहना है कि सार्वजनिक सोशल मीडिया मंचों पर अभद्र टिप्पणियां एवं धमकीपूर्ण संदेश कानून की दृष्टि में गंभीर विषय हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी उपसरपंच के पति द्वारा विभिन्न मामलों में तीन से चार बार शिकायतें की गई थीं। उन सभी शिकायतों की जनपद पंचायत के अधिकारियों द्वारा विधिवत जांच कराई गई, जिसमें शिकायतें निराधार पाई गईं। इसके बावजूद लगातार एक जैसे आरोप लगाए जाने से पंचायत के नियमित कार्यों एवं विकास गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
सरपंच श्रीमती लक्ष्मी चिमन लाल जोल्हे ने जिला प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों को निर्भय होकर कार्य करने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की है।
क्या कहते हैं पंचायत सचिव
ग्राम पंचायत हिर्री के सचिव केशव भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पंचायत में शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार आवेदन एवं दावा-आपत्ति की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इसके बावजूद बिना ठोस आधार के बार-बार शिकायत करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पंचायत पूरी पारदर्शिता के साथ शासन के नियमों का पालन करते हुए कार्य कर रही है।
