खबर वर्ल्ड न्यूज़ सर्विस–रायपुर। खरीफ सीजन में खाद और बीज की कथित कमी को लेकर मंगलवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं का हवाला देते हुए काम रोको प्रस्ताव पेश कर तत्काल चर्चा की मांग की। विपक्ष का आरोप था कि प्रदेश के किसान खाद, बीज और सिंचाई जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए परेशान हैं।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राज्य में खाद और उन्नत बीज की कोई कमी नहीं है। उन्होंने सदन को बताया कि खरीफ 2026 की तैयारियों के तहत पर्याप्त मात्रा में उर्वरक और प्रमाणित बीज का पहले से भंडारण किया गया है तथा किसानों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार निगरानी कर रही है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ
. रमन सिंह ने कांग्रेस के काम रोको प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। इसके विरोध में कांग्रेस विधायक नारेबाजी करते हुए अध्यक्ष के आसन के सामने पहुंच गए। सदन में लगातार हंगामे और व्यवधान के चलते अध्यक्ष ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 35 कांग्रेस विधायकों को शेष दिन की कार्यवाही के लिए निलंबित कर दिया।इस घटनाक्रम के बाद विधानसभा का माहौल पूरी तरह गरमा गया और सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। किसानों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए, जबकि सरकार ने दावा किया कि प्रदेश में खाद और बीज की उपलब्धता पर्याप्त है और किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

